CM Rekha Gupta Birthday: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को हरियाणा के जुलाना विधानसभा क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में सादगी और पारिवारिक आत्मीयता के साथ अपना 51वां जन्मदिन मनाया। इस विशेष अवसर पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिलीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को हुआ था। इस बार उन्होंने राजनीतिक हलकों की औपचारिकता से हटकर अपने जन्मदिन को जनसंपर्क और सामाजिक संवाद का माध्यम बनाया।
पीएम मोदी और अन्य नेताओं ने जताई शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “रेखा गुप्ता जी ने दिल्ली की सेवा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।” इसके जवाब में रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा, “आपका मार्गदर्शन मुझे जनसेवा की राह पर प्रेरित करता है। मैं ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ को संकल्प बनाकर आगे बढ़ रही हूं।”
हरियाणा में जन्मदिन कार्यक्रमों की धूम
मुख्यमंत्री गुप्ता ने अपने जन्मदिवस पर गांव नंदगढ़ में आयोजित समारोहों में हिस्सा लिया। कार्यक्रमों में स्थानीय ग्रामीणों, महिला समूहों, युवा मंडलों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जुलाना और नंदगढ़ में कई विकास योजनाओं के उद्घाटन और जनसंवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का कार्यक्रम भी तय था।
विपक्ष से भी मिलीं शुभकामनाएं
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी ‘एक्स’ पर रेखा गुप्ता को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और लंबा जीवन दे।
रेखा गुप्ता के जन्मदिन को राजनीतिक से अधिक सामाजिक उत्सव की तरह देखा गया, जिसमें सभी विचारधाराओं के नेताओं और आम जनता ने अपनी सहभागिता दिखाई। उनके इस gesture को सामाजिक समरसता और जमीन से जुड़े नेतृत्व का उदाहरण माना जा रहा है।
न्यूज़ एडिटर बी के झा की रिपोर्ट-