Thailand-Cambodia Conflict: थाइलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद को लेकर जारी झड़पों पर भारत ने गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि भारत इस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और दोनों देशों से शत्रुता समाप्त करने तथा तनाव को बढ़ने से रोकने की अपील करता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “भारत के थाइलैंड और कंबोडिया दोनों के साथ घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हमें उम्मीद है कि दोनों पक्ष तनाव कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।”
भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन
भारत सरकार ने थाइलैंड और कंबोडिया में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं-
बैंकॉक, थाइलैंड: +66 61 881 9218 (व्हाट्सएप कॉल उपलब्ध)
नोम पेन्ह, कंबोडिया: +855 92 881 676 (व्हाट्सएप कॉल उपलब्ध)
प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों में भारतीय नागरिक किसी भी सहायता के लिए वहां स्थित भारतीय दूतावासों से तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी
थाइलैंड में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को परामर्श जारी करते हुए भारतीय नागरिकों से सीमा से सटे सात प्रांतों- उबोन रत्चथानी, सुरीन, सिसाकेट, बुरीराम, सा काओ, चन्थाबुरी और ट्राट- की यात्रा से बचने की सलाह दी है।
झड़प में 14 की मौत
थाइलैंड-कंबोडिया सीमा पर बृहस्पतिवार से जारी हिंसक झड़पों में अब तक कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
न्यूज़ एडिटर बी के झा की रिपोर्ट-