Actress Nandini Kashyap: असमिया फिल्म इंडस्ट्री की उभरती हुई अभिनेत्री नंदिनी कश्यप हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुई हैं। यह गिरफ्तारी दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हुई, जो गुवाहाटी के दक्खिनगांव इलाके में बीते शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुआ। हादसे में एक 21 वर्षीय युवक समीउल हक की मौत हो गई।
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
नंदिनी कश्यप, असमिया फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री हैं, जिन पर आरोप है कि उन्होंने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार समीउल हक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
कई बार कट चुके हैं चालान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिनेत्री हादसे के बाद वहां से भाग गई। गुवाहाटी पुलिस ने नंदिनी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) जयंत सारथी बोरा ने बताया कि नंदिनी की कार पर पहले भी तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कई मामले दर्ज हैं। उनके खिलाफ गुवाहाटी और अन्य जिलों में भी कई बार चालान काटे जा चुके हैं।
फिल्म इंडस्ट्री का जाना माना चेहरा
नंदिनी कश्यप असमिया फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘रुद्र’ ने असम के बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इस फिल्म का निर्देशन रूपक गोगोई ने किया है, और इसमें नंदिनी ने लीड रोल निभाया है।