Vaishno Devi Landslide: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से कुदरत ने कहर बरपाया है। लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। माता वैष्णो देवी (Katra) यात्रा मार्ग पर बुधवार को हुए दर्दनाक भूस्खलन में 33 लोगों ने अपनी जान गवां दी। वहीं 23 लोग बुरी तरह घायल हैं।
भूस्खलन से राजमार्ग ब्लॉक
भूस्खलन (Landslide) से मलबा और पत्थर गिरने से जम्मू-कटरा राजमार्ग ब्लॉक हो गया है। भारी बारिश के कारण नॉर्दर्न रेलवे ने बुधवार को 22 ट्रेनें रद्द कर दीं और 27 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें वैष्णो देवी बेस कैंप से चलने वाली 9 ट्रेनें भी शामिल हैं।
बिजली और मोबाइल टावरों को भारी नुकसान
बीते दिन त्रिकूट पहाड़ी पर स्थित मंदिर मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया था। बचाव अभियान जारी है और आशंका है कि मलबे के नीचे और लोग फंसे हो सकते हैं। लगातार बारिश ने जम्मू-कश्मीर में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा कर दी है। जम्मू में पुल ढह गए, बिजली लाइनों और मोबाइल टावरों को भारी नुकसान पहुंचा।
मंगलवार को सुबह 11.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच जम्मू में 6 घंटे में 22 सेंटीमीटर बारिश हुई। हालांकि आधी रात के बाद बारिश में कमी आई, जिससे जिले को थोड़ी राहत मिली।