Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र राजधानी कराकस से 370 मील (600 किमी) पश्चिम में, मेने ग्रांडे समुदाय में 6.1 मील (10 किमी) की गहराई पर था।
कई शहरों में मचा हड़कंप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जबकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। भूकंप के झटके वेनेजुएला के कई राज्यों और पड़ोसी कोलंबिया में भी महसूस किए गए। कई लोगों ने भवनों को खाली किया और कई शहरों में हड़कंप मच गया।
वेनेजुएला के तेल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण
मेने ग्रांडे, जो माराकाइबो झील के पूर्वी तट पर स्थित है, वेनेजुएला के तेल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है। देश में दुनिया के सबसे बड़े प्रमाणित तेल भंडार मौजूद हैं। भूकंप के दौरान सरकारी टीवी ने अपने कार्यक्रमों को बाधित नहीं किया, जिसमें राष्ट्रपति निकोलस मादुरो द्वारा संचालित विज्ञान केंद्रित कार्यक्रम भी शामिल था।
भूकंप की घटनाओं में हो रही वृद्धि
विशेषज्ञों ने बताया कि हाल के वर्षों में भूकंप की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इसी साल अगस्त में रूस के कुरील द्वीप और सितंबर में कामचटका में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 7.8 थी। सुनामी अलर्ट भी जारी किया गया। इसके अलावा, अफगानिस्तान, तुर्की और म्यांमार में भी भूकंप से जान-माल का नुकसान हुआ है।ो