गुजरात ATS को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ATS ने अल-कायदा के चार आतंकियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए ये चारों आतंकी 20 से 25 साल की उम्र के हैं। AQIS का पूरा नाम (Al-Qaeda in Indian subcontinent) है। ये गिरफ्तारियां गुजरात से 2, दिल्ली और नोएडा से एक-एक की गई हैं। इनके सीधे लिंक सीमा पार से निकल कर आए हैं।
सीमा पार से जुड़े है तार
गुप्त जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि इन आतंकियों को भारत में बड़े टारगेट और बड़ी लोकेशन पर हमला करने की जिम्मेदारी दी जाने वाली थी। जांच में सामने आया कि ये चारों आतंकी सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए एक-दूसरे से कनेक्टेड थे।
आतंकवाद रोधी एजेंसी ने एक बयान में कहा, “गुजरात एटीएस ने एक्यूआईएस से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।” एटीएस बाद में अभियान के बारे में और अधिक जानकारी उपलब्ध कराएगी। वर्ष 2023 में, इस आतंकी संगठन से संबंध रखने के आरोप में अहमदाबाद के विभिन्न हिस्सों से चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था।
अल-कायदा सबसे खतरनाक आतंकवादी समूह
अल-कायदा दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी समूहों में से एक माना जाता है। इसे संयुक्त राष्ट्र, नाटो, यूरोपीय संघ, संयुक्त राज्य अमेरिका, भारत, रूस और कई अन्य देशों द्वारा एक आतंकवादी समूह घोषित किया गया है। इसकी स्थापना 1988 में ओसामा बिन लादेन, अब्दुल्लाह आजम और अन्य द्वारा की गई थी। यह संगठन अफगानिस्तान में सोवियत संघ के आक्रमण का विरोध करने वाले लड़ाकों को समर्थन देने के लिए बनाया गया था।
2011 में ओसामा बिन लादेन की मृत्यु के बाद, अयमान अल-जवाहिरी ने इसका नेतृत्व संभाला। जुलाई 2022 में जवाहिरी की मृत्यु के बाद, अल-कायदा ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपने नए नेता की घोषणा नहीं की है, लेकिन सैफ अल-अदल को इसका संभावित अगला नेता माना जाता है।