चांदपुर । विधानसभा क्षेत्र से बेटियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर एक सराहनीय पहल सामने आई है। यहां आभा फाउंडेशन ने शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 होनहार छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास किया है।
दरअसल, आभा फाउंडेशन की ओर से की गई इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना और उनकी पढ़ाई को आसान बनाना है। अक्सर दूरी और आर्थिक परिस्थितियों के चलते छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में साइकिल मिलने से इन छात्राओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर आभा फाउंडेशन की संस्थापिका एवं फादरसन पब्लिक स्कूल की प्रबंधिका आभा सिंह ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। जरूरत है तो सिर्फ उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि क्षेत्र की हर बेटी शिक्षित, आत्मनिर्भर और सफल बने। किसी भी प्रतिभाशाली छात्रा की पढ़ाई आर्थिक या अन्य परिस्थितियों के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए।
आभा सिंह ने बेटियों की शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बेटियां अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकती हैं।
आपको बता दें कि आभा फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में लगातार जनकल्याणकारी कार्य कर रहा है।
7 छात्राओं को साइकिल वितरण की यह पहल सिर्फ एक सहायता नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास और उनके सुनहरे भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
आभा फाउंडेशन का संकल्प है कि हर बेटी को आगे बढ़ने का अवसर मिले और उसके सपनों को नई उड़ान मिलती रहे।