बनबसा। बनबसा सैन्य स्टेशन के मैदान में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के तीसरे दिन बुधवार को युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पिथौरागढ़ जिले की छह तहसीलों के 850 से अधिक अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। नौ बैचों में आयोजित दौड़ में 674 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर अगले चरण में जगह बनाई।
भर्ती प्रक्रिया के तहत सुबह से ही सेना के जवानों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार युवाओं को भर्ती स्थल में प्रवेश दिया गया। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें शारीरिक परीक्षण के अगले चरण के लिए भेजा गया। तीसरे दिन सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण गुरुवार को किया जाएगा, जबकि पहले और दूसरे दिन दौड़ में सफल रहे युवाओं का मेडिकल परीक्षण जारी है।
जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित इस भर्ती रैली का संचालन भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव के निर्देशन में किया जा रहा है। भर्ती स्थल पर प्रवेश, दस्तावेजों की जांच, दौड़ और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सेना के अधिकारियों एवं जवानों ने संभाली।
भर्ती रैली के चौथे दिन गुरुवार, 26 नवंबर को चम्पावत जिले की चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के अभ्यर्थी दौड़ में हिस्सा लेंगे। सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने का सपना संजोए युवाओं में भर्ती रैली को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।