एम्स गुवाहाटी में शुरू हुईं हार्ट और गैस्ट्रो सर्जरी सेवाएं, पूर्वोत्तर के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
अध्यक्ष डॉ. बीकेएस संजय ने किया अस्पताल का निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं और संस्थान के विस्तार की समीक्षा
गुवाहाटी, 23 नवंबर। पूर्वोत्तर भारत में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एम्स गुवाहाटी ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। संस्थान में अब कार्डियक सर्जरी और गैस्ट्रो सर्जरी की सुविधाएं भी शुरू हो गई हैं। इससे असम सहित पूर्वोत्तर के मरीजों को हृदय और पाचन तंत्र से संबंधित जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बीकेएस संजय की अध्यक्षता में आयोजित इंस्टीट्यूट बॉडी की बैठक में संस्थान की प्रगति, चिकित्सा सेवाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत ढांचे और भविष्य की विस्तार योजनाओं की समीक्षा की गई। कार्यकारी निदेशक प्रो. अशोक पुराणिक ने संस्थान की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक के बाद अध्यक्ष ने अस्पताल का निरीक्षण कर ओपीडी, आईपीडी, रोगी देखभाल और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों की बढ़ती संख्या को संस्थान के प्रति भरोसे का संकेत बताया और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डॉ. संजय ने आमजन से एम्स की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत सहित सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। परिसर में जन औषधि और अमृत फार्मेसी के माध्यम से सस्ती दवाइयां तथा मरीजों के तीमारदारों के लिए ठहरने की व्यवस्था भी है।