रुड़की। पुरानी कचहरी परिसर में 23 अक्टूबर से मानदेय वृद्धि सहित दो सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पूर्व मेयर गौरव गोयल ने समर्थन दिया। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर कार्यकत्रियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से तत्काल पूरा करने की अपील की।
ब्लॉक अध्यक्ष ममता पुरी ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करना शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक दिसंबर तक मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया है, लेकिन पहले भी कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं। उनकी मांगें जायज हैं और सरकार को इन पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। इस दौरान अंजू, अनुराधा, राधा देवी, रोमी, रूबी, ममता गोयल सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।