देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक का सेवन और निर्धारित अवधि से पहले दवा बंद करना गंभीर स्वास्थ्य संकट को बढ़ावा दे रहा है। रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस) चिकित्सा जगत के सामने बड़ी चुनौती है। उन्होंने फार्मासिस्टों से मरीजों को दवाओं के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने की अपील की।
गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की अहम कड़ी हैं। दवाओं की सही खुराक, सेवन का समय और सावधानियों की जानकारी देना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और जनऔषधि परियोजना जैसी योजनाएं सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक हैं। उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक दवाएं पहुंचाने में फार्मासिस्टों की भूमिका अहम है। साथ ही राज्य की औषधीय वनस्पतियों पर शोध और औषधि उद्योग के विकास की अपार संभावनाएं हैं।