नगीना। संविधान दिवस के अवसर पर अपना दल (एस) के जिला कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष एडवोकेट शैलेंद्र चौधरी ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है।
बैठक को संबोधित करते हुए शैलेंद्र चौधरी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के अधिकारों, आशाओं और सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान ने समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। हमें संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करते हुए आपसी भाईचारे, समरसता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल ने सामाजिक न्याय, समान अधिकार और वंचित वर्गों के सम्मान की जो विचारधारा स्थापित की, वह संविधान की मूल भावना से जुड़ी हुई है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में अपना दल (एस) संविधानसम्मत अधिकारों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर वकील अहमद , अंश चौधरी, अभिषेक, नगीना नगर अध्यक्ष डॉ शादाब, दुष्यंत कुमार, किशोर कुमार, नरेश कुमार, मोहम्मद आरिफ, शाहनवाज,रोहन शर्मा, सूर्य प्रताप सिंह, शेख फिरोज, आदि उपस्थित रहे।