फरीदाबाद :भूपानी स्थित मक्कड़ फार्म हाउस के पास बुधवार देर रात 11वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 18 वर्षीय आदित्य भाटी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है, जिसमें मां और चाचा-ताऊ पक्ष ने एक-दूसरे पर हत्या और जमीन हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक आदित्य भाटी की मां ने बच्चे के चाचा और ताऊ पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मां ने बताया कि उनके पति की वर्ष 2016 में मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह बच्चे को अकेले ही पाल रही थीं। दूसरी ओर, चाचा और ताऊ ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उल्टा आदित्य की मां पर ही जमीन हड़पने और हत्या करने का आरोप मढ़ दिया है। चाचा-ताऊ पक्ष का कहना है कि मृतक की मां किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहती है, जो आदित्य का सौतेला पिता है, और उसी ने आदित्य की हत्या की है।
मृतक की मां ने बताया कि 28 नवंबर को आदित्य का जन्मदिन आने वाला था और उसने मोबाइल फोन दिलाने की मांग की थी। मां के मुताबिक, अभी कुछ दिन पहले ही उन्होंने बेटे के लिए 150 गज का एक प्लॉट खरीदा था, जिस कारण उन्होंने आदित्य से कहा था कि वह जन्मदिन तक मोबाइल दिला देंगी। हालांकि, आदित्य जन्मदिन से पहले ही मोबाइल लेने की बात कह रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।