Bihar Elections 2025: बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले फेज में प्रदेश के 18 जिलों में मतदान है। इसी बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने बिहार चुनाव में मतदाताओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
लोकतंत्र के महापर्व में उत्साह
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सभी सम्माननीय मतदाताओं से अपील है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे उत्साह के साथ भाग लें। आपका एक-एक वोट विकसित बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में अमूल्य योगदान देगा। घर से निकलें, मतदान करें और अपने परिवार व मित्रों को भी इस लोकतांत्रिक दायित्व के लिए प्रेरित करें। पहले मतदान, फिर जलपान।
मताधिकार का करें सदुपयोग
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, “पहले मतदान, फिर जलपान ! बिहार के सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि आज विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग अवश्य करें।
अपने मताधिकार का सदुपयोग कर एक सक्षम, राष्ट्रवादी और विकासशील सरकार का चयन करें और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करें। आपका एक-एक वोट बिहार को आगे बढ़ाने एवं लोकतंत्र को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बच्चों, महिलाओं के सशक्तीकरण का संकल्प
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक्स पर लिखा, “आज लोकतंत्र के महापर्व का पहला चरण है। यह सिर्फ मतदान नहीं, आने वाले पांच वर्षों के विकास, बच्चों के सुरक्षित भविष्य और महिलाओं के सशक्तीकरण का संकल्प है। इसलिए घर से निकलें और विकसित भारत के लिए वोट कीजिए। याद रखिए पहले मतदान, फिर जलपान।
सुनहरे भविष्य के लिए जरुर डालें वोट
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा, “बिहार के हर एक मतदाता से अपील है कि वो अपने सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए अपना वोट डालने जरूर जाए। लोकतंत्र में वोट की शक्ति सर्वोपरि होती है। इसलिए अपना वोट डालिए और अपनी शक्ति पहचानें।