बिंदुखत्ता में बनेगा एक हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक भवन: धामी

बिंदुखत्ता में बनेगा एक हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक भवन: धामी

प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम बनाने की घोषणा, राजस्व गांव के मुद्दे पर वनाधिकार समिति से की चर्चा

प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम बनाने की घोषणा, राजस्व गांव के मुद्दे पर वनाधिकार समिति से की चर्चा

बिंदुखत्ता (लालकुआं), 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में बिंदुखत्ता के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने क्षेत्र में एक हजार लोगों की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक भवन बनाने तथा महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रहलाद दा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपने गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, सामाजिक चेतना और पहाड़ की भावनाओं को पहचान दिलाई।

बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार से लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने वनाधिकार समिति के प्रतिनिधियों से भी इस मुद्दे पर चर्चा कर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।

धामी ने बताया कि बिंदुखत्ता में करीब 30 करोड़ रुपये से बिजली की लाइनें, पोल और ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य चल रहा है, जबकि विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नकायल में सात करोड़ और शेरनाला में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है। विजयपुर गौला पार में भी पुल निर्माण कार्य शुरू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ लोकसंस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Admin

Admin

uttambharat6@gmail.com