*2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां बढ़ीं, शहर के मुख्य मार्गों पर बैनर-पोस्टरों से दिखने लगा चुनावी माहौल*
चांदपुर , उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही चांदपुर विधानसभा क्षेत्र संख्या-23 में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। अभी चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही दूर हो, लेकिन संभावित प्रत्याशियों ने अपनी राजनीतिक जमीन तलाशनी शुरू कर दी है। शहर के प्रमुख मार्गों पर बैनर और पोस्टरों की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत दे रही है कि चुनावी मुकाबले की तैयारियां धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही हैं।
इस बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से चांदपुर विधानसभा सीट पर संभावित प्रत्याशी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। काफी समय से शहर के प्रमुख स्थानों पर बसपा से जुड़े चुनावी होर्डिंग और बैनर दिखाई नहीं देने के कारण राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे। बसपा समर्थक और राजनीतिक चर्चाओं में रुचि रखने वाले मतदाता भी पार्टी की ओर से संभावित चेहरे के सामने आने का इंतजार कर रहे थे।
अब राजनीतिक सूत्रों के हवाले से इकबाल ठेकेदार का नाम बसपा के संभावित प्रत्याशी के रूप में चर्चा में आ रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक उनके नाम की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उनके नाम की चर्चा ने चांदपुर की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो बसपा सुप्रीमो मायावती की नजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण सीटों पर बनी हुई है। चांदपुर विधानसभा सीट भी बसपा के लिए राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जाती है। ऐसे में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रत्याशी उतारकर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की रणनीति पर काम कर सकती है।
चर्चाएं यह भी हैं कि बसपा चांदपुर सीट पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए अभी से संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर रही है। इसी क्रम में इकबाल ठेकेदार का नाम सामने आना स्थानीय राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इकबाल ठेकेदार को वास्तव में बसपा अपना प्रत्याशी घोषित करेगी या चुनाव से पहले पार्टी किसी दूसरे चेहरे पर दांव लगाएगी? फिलहाल चांदपुर की सियासत में अटकलों का दौर जारी है। आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों की गतिविधियां और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता चुनावी तस्वीर को और स्पष्ट कर सकती है।