हल्द्वानी। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा क्लेम, जमीन का हिस्सा दिलाने और प्लॉट पर कब्जे जैसी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों और दोनों पक्षों को तलब कर मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
भूतपूर्व सैनिक के परिवार को नहीं मिला 35 लाख का बीमा क्लेम
जनसुनवाई में हल्द्वानी निवासी अनीता ने बताया कि उनके पति भूतपूर्व सैनिक थे, जिनकी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनकी पेंशन बैंक ऑफ बड़ौदा में आती थी, लेकिन परिवार को दुर्घटना बीमा की धनराशि नहीं मिल सकी। इस पर आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और बैंक अधिकारियों को तलब कर जानकारी ली।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना बीमा का लाभ लेने के लिए खाता रक्षा पेंशन पैकेज के तहत मैप होना और उसमें नियमित रूप से पेंशन जमा होना जरूरी है। सामान्य बचत खाते पर यह क्लेम नहीं मिलता। बैंक की ओर से रक्षा पेंशन पैकेज के तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर लगभग 35 लाख रुपये का बीमा कवर दिए जाने की जानकारी दी गई। आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पूर्व सैनिक समय रहते अपने खाते रक्षा पेंशन पैकेज के तहत करा सकें।
दो साल से अटके 5.50 लाख रुपये एक माह में लौटाने के निर्देश
हल्द्वानी निवासी मुकेश भट्ट ने शिकायत की कि उन्होंने दो साल पहले जमीन खरीदने के लिए माया देवी को 5.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई। आयुक्त ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई। आपसी समझौते के तहत माया देवी को एक माह के भीतर 5.50 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में रकम नहीं लौटाने पर कार्रवाई की जाएगी।
स्टे वाली 60 बीघा जमीन पर काम करने से रोका
जसपुर निवासी अनीता शर्मा ने बताया कि उनकी 60 बीघा जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है और न्यायालय से भूमि पर स्टे लिया गया है। इसके बावजूद दूसरा पक्ष जमीन पर फसल बोने, तारबाड़ करने और टीन शेड बनाने का काम कर रहा है। इस पर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टे वाली भूमि पर न्यायालय का फैसला आने तक कोई भी पक्ष ऐसा कार्य न करे। उन्होंने दूसरे पक्ष को चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेने और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के निर्देश दिए।