Top Stories
विमान के केबिन का शोर कम करने पर शोध शुरू करेंगे : अभय करंदीकर | 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : केशव मौर्य | केन्द्रीय मंत्री ने किया आयुर्वेद काॅस्मेटोलाॅजी इकाई का शुभारम्भ | बल्लभगढ़ में 26 नवंबर को आयोजित होगा रोजगार मेला। | अमेरिकी कंपनी के निवेश से बदलेगी मेरठ की औद्योगिक तस्वीर, वैश्विक पैकेजिंग उद्योग में बनेगी नई पहचान | बैकुंठ चतुर्दशी मेले में लोकसंस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का संगम, भव्य झांकियों ने मोहा मन | संत रविदास के समरसता संदेश को धरातल पर उतार रही धामी सरकार : मुख्यमंत्री | गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रक्तदान शिविर, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा | जब शाहरुख खान ने भुवन बाम को दी ‘चंपी’, एक्टर और यूट्यूबर ने खास वाकया किया याद | जैकी श्रॉफ ने दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र को किया याद, कहा- ‘आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे’ |
कमिश्नरी में आग लगने का मॉक ड्रिल, 20 मिनट में पहुंची फायर और एसडीआरएफ की टीम

कमिश्नरी में आग लगने का मॉक ड्रिल, 20 मिनट में पहुंची फायर और एसडीआरएफ की टीम

फायर हाइड्रेंट का प्रेशर कम मिलने और रास्ते में बिजली के तारों से बाधा पर मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी

नैनीताल। मंडलायुक्त कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की काल्पनिक घटना को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित निकालने और राहत-बचाव कार्यों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परीक्षण किया गया। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर फायर सेफ्टी और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

मॉक ड्रिल के दौरान दोपहर 12:17 बजे कमिश्नरी कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से धुआं निकलने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना मिलते ही संबंधित टीमें रवाना हो गईं। मौके पर पहुंचकर सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। अभ्यास में आग से झुलसे दो तथा अफरातफरी में घायल हुए तीन कर्मचारियों को रेस्क्यू कर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया।

अभ्यास के दौरान कमिश्नरी और जिला न्यायालय के समीप लगे फायर हाइड्रेंट का प्रेशर कम मिलने तथा बिजली के तारों के कारण अग्निशमन वाहन के कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच पाने जैसी खामियां सामने आईं। इस पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान के अभियंताओं को ऐतिहासिक, लकड़ी से निर्मित इमारतों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगे सभी फायर हाइड्रेंट का प्रेशर जांचने तथा कमियों को दूर करने को कहा। साथ ही विद्युत तारों और अन्य केबलों की भी जांच कराने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते या रास्तों में सीढ़ियों के कारण आवागमन बाधित है, वहां का विस्तृत आकलन कर वैकल्पिक राहत एवं बचाव व्यवस्था तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इस दौरान अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Admin

Admin

uttambharat6@gmail.com