कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, 26 नवंबर से पंजीकरण
मेरठ। सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल (सीवीपीएस) ने विद्यार्थियों को शुरुआती कक्षाओं से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से इंटीग्रेटेड स्टार कोर्स का विस्तार किया है। इसके तहत कक्षा छह के लिए ‘निर्माण’ और कक्षा सात के लिए ‘आरोहण’ नाम से दो नए बैच शुरू किए गए हैं। सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विद्यालय प्रबंधन ने इसकी जानकारी दी।
नए बैच शुरू होने के साथ ही यह कोर्स अब कक्षा छह से 12वीं तक संचालित होगा। विद्यालय में पहले से कक्षा आठ के लिए संकल्प, नौवीं के लिए दिशा, दसवीं के लिए नींव, 11वीं के लिए प्रारंभ और 12वीं के लिए प्रगति बैच संचालित हैं।
एडिशनल मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. शिवानी अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। फाउंडर एवं सीईओ डॉ. आर्यन अग्रवाल ने बताया कि कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने, विषयों की अवधारणाएं स्पष्ट करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की शुरुआती तैयारी पर जोर दिया जाएगा।
प्रधानाचार्या मीनू कपूर ने बताया कि कोर्स में नियमित पाठ्यक्रम के साथ व्यक्तिगत मार्गदर्शन, नियमित मूल्यांकन और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी कराई जाएगी। नए बैचों के लिए पंजीकरण फॉर्म 26 नवंबर 2026 से उपलब्ध होंगे। इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. हिमानी अग्रवाल सहित विद्यालय के चेयरमैन डॉ. ओपी अग्रवाल और चेयरपर्सन डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने भी पहल की सराहना की।