रुद्रपुर, 23 नवंबर। देशज समाज की लंबित समस्याओं और अधिकारों को लेकर देशज सर्वोदय सांस्कृतिक समिति ने 12 सूत्रीय मांगपत्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजा है। सोमवार को जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में नजूल भूमि पर बसे परिवारों को निशुल्क मालिकाना हक देने, बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने और ऊधम सिंह नगर में देशज भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
समिति की ओर से इन मांगों को लेकर 21 और 22 नवंबर को रुद्रपुर के टैगोर पार्क में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। ज्ञापन में प्रीत विहार की सीलिंग भूमि पर बसे परिवारों को वैधता देने, जाति प्रमाण पत्र को आजीवन वैध करने तथा स्थायी और मूल निवास प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में भेदभाव समाप्त करने की मांग की गई।
इसके अलावा शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार में समान नीति, जनसंख्या के आधार पर निष्पक्ष परिसीमन, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग भी शामिल है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान स्वामी शिवानंद जी महाराज, अधिवक्ता जुगल बल्लभ गोस्वामी, कल्याण सिंह, जेएन तिवारी, सत्य प्रकाश यादव, हिम्मत सिंह, डॉ. भूपेंद्र गंगवार, डॉ. हेमंत सिंह चौहान, अभय प्रताप, सबाहत हुसैन खान सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि और महिलाएं मौजूद रहीं। समिति ने सरकार से मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करने की अपील की।