देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, रोजगार, किसानों, सामाजिक सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़े 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने और हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजना को लेकर अहम निर्णय लिए गए।
कैबिनेट ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया। वहीं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने के लिए उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई।
वन आरक्षी भर्ती में बढ़ी आयु सीमा 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित करने तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट भर्ती के लिए बीफार्मा डिग्री को भी मान्य करने का निर्णय लिया गया।
किसानों को राहत देने के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को पेराई सत्र 2026-27 में बैंक ऋण उपलब्ध कराने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी को मंजूरी दी गई।
हरिद्वार में प्रस्तावित 'हरिद्वार दर्शन' पॉड टैक्सी परियोजना के तहत 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर और 21 स्टेशन बनाए जाने की योजना है। इसके अलावा भवन निर्माण नियमों में शिथिलीकरण, भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क, मेडिकल कॉलेजों के पीजी छात्रों की दुर्गम क्षेत्रों में दो वर्ष की अनिवार्य सेवा और विभिन्न विभागों की सेवा नियमावलियों में संशोधन को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने ऋषिकेश के बापूग्राम स्थित 594.90 एकड़ आरक्षित वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक स्वीकृति भी दी। साथ ही निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड को कार्यदायी संस्थाओं के सूचीबद्ध पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया।