मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी कैमरे लगाना करें सुनिश्चित, नशे से संबंधित संगठित अपराधों पर तत्काल हो प्रभावी कार्रवाई
बिजनौर । जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में एनकाड (NCORD) की जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी इंटर कॉलेजों एवं महाविद्यालयों को नशा मुक्त घोषित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके अंतर्गत स्कूल एवं कॉलेजों में नशा मुक्ति विषय पर निबंध लेखन सहित अन्य जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए, जिससे युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने औषधि निरीक्षक को निर्देश दिए कि जनपद के सभी मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने सुनिश्चित किए जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी भी की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि नारकोटिक्स से संबंधित किसी भी प्रकार के संगठित अपराध अथवा अवैध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई करें। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने सूचना तंत्र को और अधिक विकसित एवं सक्रिय बनाएं, ताकि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में वर्तमान में तीन नशा मुक्ति केंद्र संचालित हैं। जिलाधिकारी ने नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।