फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (वेब वार्ता)। पुलिस लाइन फतेहगढ़ में बुधवार को 39वीं जनपदीय बाल
क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। जिलाधिकारी डॉ.
अंकुर लाठर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा और
शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण
माध्यम हैं। इनसे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ अनुशासन,
आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से
पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि खेल
हमें निरंतर प्रयास करने, चुनौतियों का सामना करने और हार-जीत को समान भाव से स्वीकार
करने की सीख देते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में जनपद और
प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी के समक्ष अनुशासित पीटी प्रदर्शन भी किया, जिसकी
अतिथियों ने सराहना की। प्रतियोगिता के तहत 50, 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़,
रिले रेस, चक्का फेंक, गोला फेंक और लंबी कूद सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
इनमें बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी गति, क्षमता और खेल कौशल का परिचय
दिया।
समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद कृपाशंकर सिंह ने विभिन्न स्पर्धाओं में
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा
कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना भी बड़ी उपलब्धि है। निरंतर अभ्यास, परिश्रम और अनुशासन
से ही खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी
प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना
विकसित होती है। बेसिक शिक्षा विभाग ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को खेल
के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस दौरान अवनीश चौहान,
जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अवनीश मिश्रा, देवेश यादव, वीरेंद्र त्रिवेदी सहित शिक्षकगण,
अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
देव दीपावली पर हनुमान गढ़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया
प्रसाद
-35वें श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ की पूर्णाहुति पर विशाल भंडारा, सैकड़ों संतों का हुआ
सम्मान
फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (वेब वार्ता)। देव दीपावली के पावन पर्व पर महाभारत कालीन ऐतिहासिक
हनुमान गढ़ी सिद्धपीठ में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सुबह से देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने संकटमोचन हनुमान के दरबार में मत्था टेककर
परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर
बजरंगबली के जयकारों, घंटे-घड़ियालों की गूंज और रामनाम संकीर्तन से गुंजायमान रहा। 35वें
श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया,
जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमान गढ़ी परिसर में सोमवार से चल रहे अखंड रामचरितमानस पाठ का मंगलवार दोपहर
वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ समापन हुआ। इसके बाद श्री हनुमान गढ़ी ट्रस्ट की
ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। सनातन परंपरा के अनुरूप सबसे पहले सैकड़ों साधु-संतों
के लिए संत भोज आयोजित किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने संतों का पूजन-सत्कार कर उन्हें
कंबल और दक्षिणा भेंट की। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए भंडारा शुरू हुआ, जो देर तक
चलता रहा।
देव दीपावली पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए
गए थे। शिवाला भवन और गंगा दरवाजा से मंदिर तक आने-जाने के लिए निशुल्क वाहनों की
व्यवस्था की गई। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के गांवों से आने वाले श्रद्धालुओं को
राहत मिली।
उधर, हनुमान गढ़ी से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित महाभारत कालीन प्राचीन सोन सर्वा
शिव मंदिर में भी देव दीपावली पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान
भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। हर-हर महादेव और बम-बम
भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। आखूनपुर, मुडौल, टिलिया, गऊटोला, सुखानगला,
पंछीनगला, जौरा, पट्टिया, करीमनगर और लखनपुर समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में
भक्त दोनों धार्मिक स्थलों पर पहुंचे।
आयोजन को सफल बनाने में श्री हनुमान गढ़ी ट्रस्ट के पवन गुप्ता, दीपक राज अरोड़ा, सुधाकर
दुबे, सुधीर गुप्ता, मुकेश दुबे, नरेंद्र गुप्ता, रमाकांत शुक्ला, हेमंत अरोड़ा और नीरज अग्रवाल
समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया। देव दीपावली पर दोनों धार्मिक स्थलों में
उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत झलक प्रस्तुत की।