उत्तरकाशी। सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विकासखंड मोरी के सीमांत गांव ओसला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्रामीणों ने ओसला मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित मांग का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए स्कीइंग गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन विभाग को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र को होम स्टे योजना और ट्रेकिंग ट्रैक्शन योजना से जोड़ने की दिशा में कार्य करने को कहा, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हों।
भ्रमण के दौरान गांव की महिलाओं ने क्षेत्र में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए इसकी रोकथाम की मांग की। जिलाधिकारी ने महिलाओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और रोकथाम का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों को विकसित कर स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है। इससे पलायन पर अंकुश लगाने के साथ ही ग्रामीणों की आर्थिकी मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।