मृतका की पहचान 19 वर्षीय अरुणा के रूप में हुई है, जो कुरैशीपुर गांव की गांधी कॉलोनी की रहने वाली थी और डीयू में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के अनुसार, अरुणा सोमवार सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर करीब तीन बजे तक परिवार वालों की उससे फोन पर बात हुई, लेकिन उसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और मंगलवार सुबह गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
होटल स्टाफ के मुताबिक, अरुणा सोमवार सुबह करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले युवक विपिन के साथ होटल में आई थी और दोनों ने अपनी आईडी जमा कराई थी। होटल स्टाफ ने बताया कि युवक रात को ही होटल से निकल गया था। मंगलवार को कमरा खाली कराने के लिए कॉल करने और दरवाजा खटखटाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला, तो स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी।
सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोला तो अरुणा बेड पर बेहोशी की हालत में मिली, जिसके मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे से चूहे मारने की दवा की शीशी, एक सुसाइड नोट और कॉलेज बैग बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अरुणा के रूप में की।
थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि छात्रा ने खुद जहर खाया या उसे खिलाया गया, साथ ही बरामद सुसाइड नोट की भी सत्यता परखी जा रही है। घटना के बाद से लापता युवक विपिन की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।