देहरादून। उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता के लिए इंतजार नहीं करना चाहिए।
विधायक के अनुसार अग्निकांड में करीब 25 से 30 परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के साथ भोजन, पेयजल, कपड़े, कंबल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर पर्याप्त आर्थिक सहायता देने और जिन परिवारों के मकान पूरी तरह नष्ट हुए हैं, उनके पुनर्वास की व्यवस्था प्राथमिकता से करने को कहा।
दुर्गेश्वर लाल ने दुर्गम पहाड़ी गांवों में दमकल वाहनों और अग्निशमन उपकरणों की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि पवाणी जैसी घटनाएं आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने सरकार से दूरस्थ गांवों में दमकल संसाधन, अग्निशमन उपकरण और प्रशिक्षित कर्मियों की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान ग्रामीणों को समय पर मदद मिल सके।