कहा- 15 साल में मसूरी का अपेक्षित विकास नहीं हुआ, मौका मिला तो अधूरे कार्यों को करेंगे पूरा
मसूरी। पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने आगामी विधानसभा चुनाव में मसूरी सीट से चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व को अपना आवेदन सौंप दिया है। यदि जनता ने अवसर दिया तो मसूरी के समग्र विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, उसका समर्थन करेंगे।
पत्रकारों से बातचीत में गुनसोला ने कहा कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर है, लेकिन जाम और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दिल्ली से ढाई घंटे में पहुंचने वाले पर्यटकों को मसूरी पहुंचने में चार से पांच घंटे लग रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए ठोस योजना बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक गणेश जोशी पर पिछले 15 वर्षों में अपेक्षित विकास नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने उप जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों, तकनीशियनों और अन्य कर्मचारियों की कमी तथा करोड़ों रुपये की मशीनें बेकार पड़े होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। उन्होंने रोजगार, आईटीआई में ट्रेड शुरू करने और शिक्षा के क्षेत्र में रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की कमी पर भी सवाल उठाए।
गुनसोला ने अपने विधायक कार्यकाल में आईटीआई, घनानंद राजकीय इंटर कॉलेज भवन और एमपीजी कॉलेज में बीकॉम व एमकॉम की कक्षाएं शुरू कराने सहित किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अवसर मिला तो अधूरे विकास कार्यों को पूरा कर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।