हरिद्वार। धनौरी जैसे ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा का केंद्र स्थापित करना सराहनीय कदम है। इससे क्षेत्र के युवाओं और बेटियों को घर के नजदीक बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। यह बात कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
उन्होंने महाविद्यालय में 70 प्रतिशत से अधिक छात्राओं के अध्ययनरत होने पर खुशी जताते हुए इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, तकनीक एवं नवाचार से जुड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। साथ ही गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करने तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय पत्रकारों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में कॉलेज चेयरमैन डॉ. हर्ष सैनी, प्राचार्य मुनेन्द्र सिंह, उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार, राजीव गुरूंग, अंजली राठौर, डॉ. सरिता पंवार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।