ढाका, 27 नवंबर (वेब वार्ता)। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर का कहना है कि शेख हसीना बांग्लादेश और भारत के संबंधों में एक ‘‘कांटा’’ बन गई हैं और नई दिल्ली को अब यह एहसास होने लगा है कि उनकी मौजूदगी से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में तनाव पैदा हो रहा है।
समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24’ की खबर के अनुसार, कबीर ने भारत के संदर्भ में अपदस्थ प्रधानमंत्री हसीना की तुलना किसी ऐसे अनचाहे मेहमान से की, जो अचानक किसी के घर आ जाए।
बांग्लादेश के मंत्री ने कहा कि भारत मुश्किल स्थिति में है, क्योंकि वह न तो हसीना को वहां से भेज सकता है और न ही उनकी मौजूदगी को नजरअंदाज कर सकता है।
उन्होंने बृहस्पतिवार को विदेश मंत्रालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हसीना बांग्लादेश और भारत के संबंधों में एक कांटा बन गई हैं। वह एक परेशानी बन गई हैं और भारत समझ रहा है कि यह दोनों देशों के संबंधों के लिए एक समस्या है।’’
कबीर की यह टिप्पणी भारत के उस रुख के एक दिन बाद आई है, जब उसने हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना पर टिप्पणी करने से परहेज किया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा था कि हसीना की स्वेच्छा से बांग्लादेश वापसी को ढाका के प्रत्यर्पण अनुरोध से अलग करके देखा जाना चाहिए।