पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली और किसान पेंशन सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। कार्यक्रम में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं।
एडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में सड़क निर्माण के दौरान भूमि संबंधी विवाद, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत, सार्वजनिक परिसंपत्तियों के रखरखाव, विद्युत पोल की सुरक्षित स्थापना और किसान पेंशन से जुड़े मामले सामने आए।
इस दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एडीएम ने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. वीके त्यागी, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।