नई दिल्ली, 24 नवंबर (वेब वार्ता)। जेएसडब्ल्यू समूह की यात्री वाहन इकाई, जेएसडब्ल्यू मोटर्स ने नए
ऊर्जा वाहनों के संयुक्त विकास, परीक्षण और स्थानीयकरण के लिए ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ
इंडिया (एआरएआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि इस रणनीतिक तकनीकी सहयोग का उद्देश्य वाहनों और
उनकी प्रणालियों के विकास के लिए मजबूत तकनीकी आधार तैयार करना, परीक्षण एवं नियामकीय
तैयारियों को बेहतर बनाना तथा भारतीय परिचालन परिस्थितियों के अनुकूल प्रौद्योगिकियों और
क्षमताओं का विकास करना है।
जेएसडब्ल्यू मोटर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रंजन नायक ने कहा, ''हमारा लक्ष्य सिर्फ
वाहनों का विनिर्माण करना नहीं, बल्कि मजबूत स्वदेशी इंजीनियरिंग क्षमताओं वाली विश्वस्तरीय
भारतीय वाहन कंपनी बनाना है। इस साझेदारी से भारतीय परिस्थितियों के अनुकूल और दुनिया की
सर्वश्रेष्ठ कंपनियों के समकक्ष अगली पीढ़ी के परिवहन समाधान विकसित करने में तेजी आएगी।''
कंपनी तीन दिसंबर को एसयूवी के साथ भारतीय यात्री वाहन बाजार में प्रवेश करने की तैयारी कर रही
है। इस वाहन का विनिर्माण महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित कंपनी के संयंत्र में किया जाएगा।