-*कांतिलाल मांडोत*
कार्तिक पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का अत्यंत पवित्र एवं महिमामय पर्व है। यह
दिन केवल चंद्रमा की पूर्ण आभा और दीपों की जगमगाहट का प्रतीक नहीं है, बल्कि आत्मिक जागरण,
धर्म, त्याग, तपस्या, करुणा और मानवता के कल्याण का संदेश भी देता है। कार्तिक पूर्णिमा के साथ
चातुर्मास की समाप्ति भी जुड़ी हुई है। चार महीनों तक चले धर्म, साधना, संयम और आत्मचिंतन के इस
विशेष काल का समापन हमें अपने जीवन का मूल्यांकन करने और आगे भी सद्गुणों को अपनाने की
प्रेरणा देता है। इस पावन अवसर पर उन महापुरुषों का स्मरण विशेष महत्व रखता है, जिन्होंने अपने
विचारों और आचरण से समाज को नई दिशा प्रदान की।
कार्तिक पूर्णिमा का संबंध अनेक महान आत्माओं के जन्म से भी जुड़ा हुआ है। धर्म, दर्शन, साहित्य,
सामाजिक सुधार और मानव कल्याण के क्षेत्र में इन विभूतियों का योगदान भारतीय संस्कृति की अमूल्य
धरोहर है। इनमें लौंकाशाह, आचार्य हेमचंद्र, श्रीमद् राजचंद्र और गुरु नानकदेव जैसे महान व्यक्तित्व
प्रमुख हैं। इन सभी के जीवन की विशेषता यह रही कि उन्होंने केवल उपदेश नहीं दिए, बल्कि अपने
आचरण से उन सिद्धांतों को जीकर दिखाया।
लौंकाशाह का नाम जैन धर्म के इतिहास में एक निर्भीक धर्म सुधारक के रूप में आदर से लिया जाता है।
जिस समय धार्मिक क्षेत्र में कर्मकांड, आडंबर और विकृत परंपराओं का प्रभाव बढ़ रहा था, उस समय
उन्होंने सत्य और शास्त्रसम्मत आचरण का पक्ष लेकर समाज को जागृत करने का प्रयास किया। वे
गृहस्थ श्रावक थे, लेकिन उनका आत्मबल, अध्ययन और धर्म के प्रति समर्पण असाधारण था। उन्होंने
जैन आगमों का गहन अध्ययन किया और धर्म के मूल स्वरूप को समझने पर बल दिया। उनका मानना
था कि धर्म का वास्तविक आधार आत्मशुद्धि, संयम और सदाचार है, न कि बाहरी प्रदर्शन। उन्हें अपने
विचारों के कारण विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन वे अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे। उनके
प्रयासों से अनेक लोगों ने संयम का मार्ग अपनाया और स्थानकवासी परंपरा को नई दिशा मिली। उनका
जीवन सिखाता है कि सत्य के मार्ग पर चलने के लिए साहस और दृढ़ संकल्प आवश्यक हैं।
इसी पावन तिथि पर महान जैन आचार्य हेमचंद्र का जन्म भी हुआ था। वे केवल धर्मगुरु ही नहीं, बल्कि
महान विद्वान, साहित्यकार, व्याकरणाचार्य और समाज सुधारक थे। साहित्य और ज्ञान के क्षेत्र में उनका
योगदान अत्यंत व्यापक रहा। उन्होंने व्याकरण, न्याय, कोश और जैन दर्शन से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण
ग्रंथों की रचना की। तत्कालीन शासक सिद्धराज जयसिंह और कुमारपाल भी उनके ज्ञान तथा व्यक्तित्व
से प्रभावित थे। आचार्य हेमचंद्र ने राजा को यह समझाया कि किसी शासक की प्रतिष्ठा उसके वैभव से
नहीं, बल्कि प्रजा के सुख और कल्याण से होती है। एक प्रसंग में उन्होंने कुमारपाल को यह अहसास
कराया कि जब राज्य की गरीब और असहाय विधवाएं अभाव में जीवन बिताने को विवश हों, तब केवल
राजसी ठाट-बाट पर गर्व करना उचित नहीं है। यह प्रसंग आज भी शासन और समाज दोनों के लिए
प्रेरणादायक है। सच्चा धर्म वही है, जिसमें दूसरों के दुख को समझने और उन्हें दूर करने की भावना हो।