श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में पूर्व शिक्षा मंत्री एवं देवप्रयाग के पूर्व विधायक मंत्री प्रसाद नैथानी ने बुधवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम, श्रीनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, पलायन, महंगाई, बदहाल शिक्षा व्यवस्था और कमजोर भू-कानून को लेकर सरकार को घेरा।
नैथानी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ी है तथा किसानों, महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति और स्थानीय निवासियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। प्रेस वार्ता की शुरुआत में उन्होंने पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, श्रीनगर जलविद्युत परियोजना और ऑलवेदर रोड का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि इन बड़ी परियोजनाओं का अपेक्षित लाभ स्थानीय लोगों और युवाओं को नहीं मिल पाया। बाहरी ठेकेदारों को अधिक अवसर मिलने से स्थानीय रोजगार की संभावनाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कमजोर भू-कानून और प्रदेश में जमीनों से जुड़े मामलों पर भी चिंता जताई।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नैथानी ने दावा किया कि प्रदेश में 832 बेसिक विद्यालय बंद हो चुके हैं और 18 इंटर कॉलेजों को बंद करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा 27 पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थानों के बंद होने का भी उन्होंने आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थानीय विद्यार्थियों को अपेक्षित प्रवेश अवसर मिलने चाहिए। वहीं, सुमाड़ी में निर्माणाधीन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण करीब दस वर्षों बाद भी पूरा नहीं होने पर उन्होंने सरकार से जवाब मांगा।
महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर उन्होंने घसियारी योजना और दीदी-भुली योजना को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि महिलाओं को घोषणाओं के बजाय स्थायी रोजगार और आर्थिक सुरक्षा की जरूरत है। अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मामले में न्याय एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
नैथानी ने मनरेगा का नाम बदलने, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए संचालित स्पेशल कंपोनेंट प्लान को कमजोर करने और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामलों पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने पहाड़ों में गुलदार, भालू और बंदरों के बढ़ते आतंक को ग्रामीणों की आजीविका और सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या बताया। उनके अनुसार, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पहाड़ों से पलायन लगातार चिंता का विषय बना हुआ है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ उत्तराखंड में सरकार बनाएगी। उन्होंने स्वयं देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, शिक्षा, पलायन और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस सत्ता में आने पर युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा, किसानों को सुविधाएं तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देगी।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश एवं देवप्रयाग प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह नेगी, टिहरी जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल, देवप्रयाग विधानसभा सहप्रभारी प्रेम सिंह सहित श्यामलाल आर्य, राजेंद्र चंद, दान सिंह, सुरेश राणा, मदन मोहन डोभाल, मीनाक्षी देवी, रामलाल नौटियाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश एवं देवप्रयाग प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह नेगी, टिहरी जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल, देवप्रयाग विधानसभा सहप्रभारी प्रेम सिंह सहित श्यामलाल आर्य, राजेंद्र चंद, दान सिंह, सुरेश राणा, मदन मोहन डोभाल, मीनाक्षी देवी, रामलाल नौटियाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।