पुलिस के अनुसार, इंटर कॉलेज रोड हरिपुरकलां निवासी शिवम लिंगवाल ने 23 नवंबर को रायवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे धर्मपाल उर्फ मुन्ना उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी उनकी मोटरसाइकिल तथा पड़ोसी की कार को लात मारने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि शिवम और उनकी बहन ने जब उसे गाली देने से मना किया तो वह आक्रामक हो गया और जेब से रिवाल्वर निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। दोनों किसी तरह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी ने उनकी कार संख्या UK08TA-9578 पर भी गोली चला दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 24 नवंबर को रायवाला रोड के पास से आरोपी धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुरकलां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर और चार खोखे बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल समीर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।