उत्तरकाशी, 24 नवंबर। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवक को 3.17 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पुरोला की नौगांव चौकी पुलिस टीम नौगांव क्षेत्र में सौली खड्ड के समीप चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 3.17 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में युवक की पहचान अमीन (21) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान को लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की तस्करी और इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि देवभूमि को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।