वेलिंगटन, 27 नवंबर (वेब वार्ता)। न्यूजीलैंड में शुक्रवार को जारी चुनाव की अंतिम मतगणना के नतीजों में न तो सत्तारूढ़ दक्षिणपंथी गठबंधन को बहुमत की सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीटें मिली हैं और न ही वामपंथी विपक्षी खेमे को, ऐसे में राजनीतिक गतिरोध दूर करने के लिए लंबी और कठिन वार्ता होने का अनुमान है।
सात नवंबर को हुए चुनाव में पिछले कई वर्षों का सबसे कड़ा मुकाबला देखने को मिला और इसमें न तो दक्षिणपंथी खेमे को निर्णायक जीत मिली और न ही वामपंथी खेमे को। हालांकि, चुनाव की रात रूढ़िवादी गठबंधन को मामूली बहुमत हासिल हुआ था।
निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को बताया कि विदेशों में रहने वाले न्यूजीलैंड के नागरिकों के मतों समेत चार लाख विशेष मतों की गिनती के बाद प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के नेतृत्व वाली प्रमुख मध्य-दक्षिणपंथी ‘नेशनल पार्टी’ को दो सीटों का नुकसान हुआ है।
इसके साथ ही 130 सदस्यीय संसद में दक्षिणपंथी दलों की कुल सीटों की संख्या 65 रह गई, जबकि बहुमत की सरकार बनाने के लिए 66 सीटों की आवश्यकता है। वहीं, लेबर पार्टी के क्रिस हिपकिंस के नेतृत्व वाले वामपंथी विपक्षी खेमे को 58 सीटें मिली हैं, जो चुनाव की रात के आंकड़ों से एक अधिक है।
इन नतीजों के बाद पहली बार संसद में पहुंची मध्यमार्गी ‘ऑपर्च्युनिटी पार्टी’ अगली सरकार का स्वरूप तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। इस पार्टी ने सात सीटों पर जीत हासिल की है।
हालांकि, उसकी सात सीटें भी वामपंथी खेमे को सत्ता में लाने के लिए पर्याप्त नहीं होंगी, लेकिन लक्सन और उनके दक्षिणपंथी सहयोगी दलों को सरकार गठन पर सहमति बनाने के लिए ऑपर्च्युनिटी पार्टी के साथ लंबी बातचीत करनी पड़ सकती है। कारोबारी सलाहकार और राजनीति में नई प्रवेश करने वाली क्यूले वोंग (38) के नेतृत्व वाली ऑपर्च्युनिटी पार्टी किसी भी खेमे से जुड़ी नहीं है। वोंग ने कहा है कि वह सरकार बनाने के लिए किसी भी पक्ष के साथ काम कर सकती हैं।
तथ्यों और साक्ष्यों पर आधारित मध्यमार्गी राजनीति अपनाने तथा दलगत खींचतान समाप्त करने के वोंग के वादे मतदाताओं को आकर्षित करते नजर आए। चुनावी नतीजों के जरिए मतदाताओं ने लंबे समय से न्यूजीलैंड की राजनीति पर दबदबा रखने वाले दोनों प्रमुख दलों ‘नेशनल’ और ‘लेबर’ को करारा झटका दिया है।
चुनाव में कुल 28 लाख मत पड़े।