Cancer Screening Project: बिजली क्षेत्र की प्रमुख कंपनी राष्ट्रीय तापविद्युत निगम लिमिटेड (एनटीपीसी) ने कोकराझार जिले में कैंसर जांच परियोजना के लिए ‘असम कैंसर केयर फाउंडेशन’ (एसीसीएफ) के साथ समझौता किया है।
कंपनी के एक बयान में कहा गया है कि बोंगाईगांव स्थित एनटीपीसी की शाखा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत इस परियोजना का क्रियान्वयन करेगी।
दोनों पक्षों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओए) पर शनिवार को हस्ताक्षर किए गए।
कुल 33 लाख रुपये की इस परियोजना का उद्देश्य विभिन्न गांवों के लगभग 81,000 लोगों को कैंसर के खिलाफ निवारक और नैदानिक देखभाल प्रदान करना है। इसमें चार प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (बीपीएचसी) और लगभग 80 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों (एचडब्ल्यूसी) की मदद ली जाएगी।
यह पहल मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का शीघ्र पता लगाने और इस संबंध में जागरुकता पैदा करने के कार्यक्रम आयोजित करने तथा जरूरतमंद रोगियों के लिए घर पर देखभाल प्रदान करने पर केंद्रित होगी।
एनटीपीसी बोंगाईगांव के परियोजना प्रमुख अर्नब मैत्रा ने राज्य भर में कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान और उपचार को बढ़ावा देने में एसीसीएफ के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने बताया कि इस सहयोग से कोकराझार के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने और जमीनी स्तर पर जागरूकता पैदा करने में मदद मिलेगी।
एसीसीएफ असम सरकार और टाटा ट्रस्ट के बीच एक संयुक्त साझेदारी है जिसका उद्देश्य राज्य में अपनी तरह का पहला तीन-स्तरीय कैंसर ग्रिड बनाना है।