Pak Afghan Ceasefire: कतर के विदेश मंत्रालय ने रविवार तड़के घोषणा की कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान कतर के दोहा में आयोजित वार्ता के दौरान तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। तुर्की की मध्यस्थता में हो रही इस वार्ता का उद्देश्य एक सप्ताह से चल रहे भीषण सीमा संघर्ष को समाप्त करना है, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए हैं।
बंद कमरे में हुई बैठक
दोहा में पाकिस्तान और तालिबान के रक्षा मंत्रियों की मुलाकात ताजा संघर्ष के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधियों की पहली आमने-सामने की बैठक है। शनिवार देर शाम बंद कमरे में हुई यह बैठक साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें दोनों पड़ोसियों ने बढ़ते सीमा तनाव को कम करने के उद्देश्य से चर्चा की।
कतर के विदेश मंत्रालय ने रविवार सुबह तड़के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। हालांकि, यह युद्धविराम कितना कामयाब होगा यह कहना मुश्किल है, क्योंकि इसके पहले पाकिस्तान ने संघर्ष विराम के बावजूद शुक्रवार देर शाम को अफगानिस्तान के पक्तिका में हवाई हमला किया था। अफगान तालिबान ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे युद्धविराम का उल्लंघन कहा था।
स्थायी शांति और स्थिरता
एक्स पर पोस्ट में कतर के विदेश मंत्रालय ने दोहा में हुई बैठक का बयान साझा करते हुए लिखा, 'इस्लामिक गणराज्य पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दोहा में कतर राज्य और तुर्की गणराज्य की मध्यस्थता में वार्ता का एक दौर आयोजित किया गया। वार्ता के दौरान दोनों पक्ष तत्काल युद्धविराम और दोनों देशों के बीच स्थायी शांति और स्थिरता को मजबूत करने के लिए तंत्र की स्थापना पर सहमत हुए।