देहरादून। उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा 29 नवंबर (रविवार) को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर दो से शाम चार बजे तक चलेगी।
एडीएम ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच, परीक्षा सामग्री की गोपनीयता और केंद्रों पर व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर विशेष जोर दिया। सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्धारित समय पर केंद्रों में पहुंचकर परीक्षा की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी, नोडल अधिकारी, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।