नई दिल्ली, 24 नवंबर (वेब वार्ता)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने मंगलवार को कहा कि वित्त
वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में निजी क्षेत्र की परियोजनाओं की घोषणाएं सालाना आधार पर 58.5
प्रतिशत बढ़कर 26.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गईं।
उद्योग निकाय ने कहा कि यह लगातार हो रहे सरकारी सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और
नियामकीय सुधारों के बीच निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
सीआईआई के 'निजी निवेश सूचक' के दूसरे संस्करण के अनुसार अप्रैल-सितंबर, 2026 के दौरान कुल
परियोजना घोषणाओं में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी 86.2 प्रतिशत रही, जो पिछले साल की समान अवधि
में 74.2 प्रतिशत थी।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के दौरान निवेश की ये घोषणाएं वित्त वर्ष 2016-17 से 2024-25
की पहली छमाहियों में दर्ज औसत का 4.4 गुना रहीं।
सीआईआई के अध्यक्ष आर मुकुंदन ने कहा कि सरकार के लगातार नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के
विकास और नियामकीय ढांचे में सुधार ने निजी निवेश के लिए एक मजबूत अनुकूल माहौल तैयार किया
है।
उन्होंने कहा, ''नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और नियामकीय ढांचे में सुधार के जरिये निजी
निवेश के लिए एक मजबूत अनुकूल माहौल बनाने का काफी श्रेय सरकार को जाता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''भारतीय उद्योग इन अवसरों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहा है और हमें निवेश
घोषणाओं तथा वास्तविक पूंजी निर्माण, दोनों में इसके उत्साहजनक प्रमाण देखने को मिल रहे हैं।'
उद्योग निकाय ने कहा कि निजी निवेश में सुधार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि लगभग
1,800 सूचीबद्ध निजी कंपनियों का सकल पूंजी निर्माण वित्त वर्ष 2025-26 में 12.4 लाख करोड़ रुपये
पर पहुंच गया। यह मौजूदा बाजार मूल्य पर सकल घरेलू उत्पाद के 3.6 प्रतिशत के बराबर है, जबकि
वित्त वर्ष 2016-17 से 2020-21 के दौरान इसका औसत 2.2 प्रतिशत था।
इसके अलावा 54 प्रतिशत कंपनियों ने अपनी स्थिर निवेश दरों में वृद्धि की, जबकि चार में से लगभग
तीन कंपनियों ने शुद्ध उत्पादक क्षमता जोड़ी।