देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतंत्र का आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि संविधान को खतरा बताकर राजनीतिक भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि कांग्रेस को अपने राजनीतिक अस्तित्व की चिंता है।
राम माधव गुरुवार को संविधान दिवस पर दून मेडिकल कॉलेज, देहराखास में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान के मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं और प्रबुद्धजनों से संविधान में निहित अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों की जानकारी भी समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, कार्यक्रम संयोजक राकेश गिरी, सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित शिक्षाविद्, अधिवक्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।