धनौरी (हरिद्वार)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने समाज को समानता, समरसता और भाईचारे का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला हैं। उत्तराखंड सरकार संत रविदास के समरस समाज के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री मंगलवार को डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यशैली में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी भावना के अनुरूप उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके माध्यम से प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर कानून में कोई भेदभाव नहीं किया गया है।
छह वर्षों में जारी किए 239 करोड़ रुपये
धामी ने कहा कि अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अनुसूचित जाति उपयोजना और ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। विद्यार्थियों की शिक्षा आर्थिक तंगी के कारण प्रभावित न हो, इसके लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को करीब 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।
209 दंपतियों को एक करोड़ से अधिक की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरजातीय विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रत्येक पात्र दंपति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपतियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। इसके अलावा शादी अनुदान योजना के तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह पर प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वच्छकारों की गरिमा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
धामी ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। योजना के माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्य से मुक्त करने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। 'सबका साथ, सबका विकास' का मंत्र सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आधार है।
संतों और जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरि महाराज, महंत अरुणदास महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री खजान दास और प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान दायित्वधारी देशराज कर्णवाल और श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र समेत बड़ी संख्या में संत, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।