‘बेगमपुरा’ की परिकल्पना के माध्यम से एक ऐसे समाज का संदेश दिया, जहां सभी को समानता, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों—मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
मुझे खुशी है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी संत रविदास जी के इसी विचार और विजन के अनुरूप देश को आगे बढ़ा रहे हैं -- रेखा गुप्ता
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी ने हमें "मन चंगा तो कठौती में गंगा" का संदेश देकर समता, बंधुत्व और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया -- हर्ष मल्होत्रा
पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार में अनुसूचित समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। बाबा साहब के पंचतीर्थों का विकास, SC-ST एक्ट को मजबूत करना और गरीब कल्याण की योजनाएं इसका प्रमाण हैं -- हर्ष मल्होत्रा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 1 फरवरी 2026 को जालंधर की धरती पर संत निरंजन दास जी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह संत रविदास जी के प्रति उनकी श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है – लाल सिंह आर्या
संत श्री रविदास जी ने पूरे जीवन "बेगमपुरा" का सपना देखा, जहां न कोई छोटा होगा न बड़ा, सबको समान अधिकार और सम्मान मिलेगा और आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वही सपना साकार हो रहा है -- योगेंद्र चांदोलिया
आज संत रविदास जी की इसी विचारधारा को लेकर देशभर में समरसता यात्रा निकाली जा रही है, जिसका भव्य स्वागत हो रहा है— रविन्द्र इन्द्रराज
देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की संत रविदास जी के प्रति श्रद्धा और उनके आदर्शों से प्रेरित होकर इस यात्रा की परिकल्पना की गई। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी ने स्वयं जालंधर पहुंचकर इस यात्रा का शुभारंभ किया--शिवेश राम
नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026 : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी देशभर में "सामाजिक समरसता यात्रा" का आयोजन कर रही है। समरसता यात्रा ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्या जी के नेतृत्व में गाज़ीपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश किया जहां से दिल्ली अनुसूचित जाति मोर्चा एवं अन्य कार्यकर्ता हर्षोल्लास से यात्रा की अगुवाई करके उसे कल्याण पुरी बस टर्मिनल लेकर गये जहां श्री लाल सिंह आर्या सहित सभी धर्म यात्रियों का अभिनंदन किया गया।
गाज़ीपुर बॉर्डर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा, संगठन महामंत्री श्री पवन राणा, सांसद श्री योगेन्द्र चांदोलिया, दिल्ली सरकार में मंत्री श्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, ओ.बी.सी. मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री श्री गजेन्द्र यादव, प्रदेश महामंत्री श्री मोहनलाल गिहारा, उपाध्यक्ष श्री कौशल मिश्रा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री लाजपत राय सहित, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष श्री अनीस अब्बासी, ओ.बी.सी. मोर्चा अध्यक्ष श्री संतोष पाल एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री रजत चौधरी और अन्य पदाधिकारियों ने संत श्री रविदास समरसता यात्रा का भव्य स्वागत किया।
शाम को कल्याणपुरी बस टर्मिनल पर एक विशाल जनसभा का आयोजन दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष श्री लाजपत राय की अध्यक्षता में किया गया। इस जनसभा को केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन मेघवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। साथ ही दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा, श्री लाल सिंह आर्य ने भी सभा को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष श्री विजेन्द्र धामा एवं श्री दीपा गाबा, प्रदेश एस सी मोर्चा महामंत्री श्री राजकुमार चौटाला, श्री करतार सिंह एवं श्रीमती लीला सिंह उपस्थित रहे और उन्होने सभी धर्म यात्रियों का अभिनंदन किया।
जनसभा में प्रदेश पदाधिकारी श्री रंजीत कश्यप, श्रीमती सोना कुमारी, श्री मनोज कुमार जाटव, श्रीमती ऋचा पांडेय, श्रीमती सारिका जैन, सरदार गुरमीत सिंह सूरा, प्रवक्ता श्री शुभेन्दू शेखर अवस्थी सभी जिला अध्यक्ष, विधायक श्री रविकांत उज्जैनवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी ने हमें "मन चंगा तो कठौती में गंगा" का संदेश देकर समता, बंधुत्व और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया। उनकी 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही "सामाजिक समरसता यात्रा" उसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक ऐतिहासिक प्रयास है।
दिल्ली के लिए यह गर्व की बात है कि यह यात्रा गाज़ीपुर बॉर्डर से हमारी राजधानी में प्रवेश कर रही है। श्री गुरु रविदास जी का जीवन हमें सिखाता है कि समाज में ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं है। सब ईश्वर की संतान हैं और सबको सम्मान के साथ जीने का अधिकार है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर सामाजिक न्याय को साकार किया है। आवास, शौचालय, उज्ज्वला, आयुष्मान और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं इसी समरसता की भावना का प्रतीक हैं।
पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार में अनुसूचित समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। बाबा साहब के पंचतीर्थों का विकास, SC-ST एक्ट को मजबूत करना और गरीब कल्याण की योजनाएं इसका प्रमाण हैं।
मैं दिल्ली के सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि श्री गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। आइए, हम सब मिलकर "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" और "सबका साथ, सबका विकास" के संकल्प को मजबूत करें।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी के प्रति बैर न हो, कोई दुखी न हो और किसी प्रकार का भेदभाव न हो। उन्होंने ‘बेगमपुरा’ की परिकल्पना के माध्यम से एक ऐसे समाज का संदेश दिया, जहां सभी को समानता, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने समरसता यात्रा के आयोजन के लिए आयोजक मंडल को धन्यवाद देते हुए कहा कि गुरुदेव रविदास जी का प्रकटोत्सव इस बार जिस रूप में मनाया जा रहा है, वह पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रेरणादायी प्रयास है। इस समरसता यात्रा के माध्यम से देशभर के लोग एकजुट होकर सामाजिक एकता का संदेश दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी सदियों पहले थीं। उन्होंने जाति, पाति और धर्म के आधार पर भेदभाव का विरोध किया तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान दृष्टि से देखने का संदेश दिया। मुझे खुशी है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी संत रविदास जी के इसी विचार और विजन के अनुरूप देश को आगे बढ़ा रहे हैं।
केन्द्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन मेघवाल ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने अपने भजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और ईश्वर से जुड़ने का संदेश दिया। उनका प्रसिद्ध भजन केवल आरती नहीं, बल्कि भगवान से संबंध स्थापित करने का एक अद्भुत माध्यम है। संत रविदास जी स्वयं महान कवि थे। उनके भजनों में जिस तरह के भाव और गहराई देखने को मिलती है, उसकी कल्पना करना भी कठिन है।
वे सामाजिक समरसता के सच्चे पुजारी और महान गुरु थे। मैं राजस्थान से आता हूं। मीराबाई जब गुरु बनाने गईं, तो उन्होंने संत रविदास जी को अपना गुरु बनाया। संत रविदास जी ने सामाजिक समरसता का ऐसा वातावरण तैयार किया, जिसका प्रभाव चित्तौड़ तक पहुंचा। उन्होंने अनेक स्थानों की यात्राएं भी कीं।
संत रविदास जी ने गाया कि "प्रभु जी तुम चंदन हम पानी, जाकी अंग-अंग बास समानी।" इस पंक्ति के माध्यम से संत रविदास जी भगवान से कह रहे हैं कि प्रभु आप चंदन हैं और मैं पानी हूं। जब तक पानी चंदन के साथ नहीं मिलेगा, तब तक उसका तिलक नहीं लगेगा। यह भजन भगवान और भक्त के बीच आत्मीय संबंध के साथ-साथ समानता, समरसता और एकाकार होने का भी संदेश देता है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती को भारतीय जनता पार्टी पूरे वर्ष सामाजिक समरसता के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 1 फरवरी 2026 को जालंधर की धरती पर संत निरंजन दास जी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यह संत रविदास जी के प्रति उनकी श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में संत रविदास जी की 650वीं जयंती को एक दिन नहीं, बल्कि पूरे वर्ष मनाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत देशभर में सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
सांसद श्री योगेन्द्र चांदोलिया ने अपने स्वागत सम्बोधन में कहा की संत रविदास जी ने पूरे जीवन "बेगमपुरा" का सपना देखा, जहां न कोई छोटा होगा न बड़ा, सबको समान अधिकार और सम्मान मिलेगा और आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वही सपना साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर निकली "सामाजिक समरसता यात्रा" हमें एकजुट होकर समाज में भेदभाव मिटाने और "सबका साथ, सबका विकास" का संकल्प दोहराने की प्रेरणा देती है।
दिल्ली सरकार में मंत्री श्री रविन्द्र इंद्रराज ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान यह निर्णय हुआ कि 20 फरवरी को दिल्ली में भी संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। मैंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि दिल्ली में संत रविदास जी की कम से कम 50 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाए। इससे संत रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और सामाजिक समरसता की भावना का उदाहरण प्रस्तुत होगा।
उन्होंने कहा कि आज संत रविदास जी की इसी विचारधारा को लेकर देशभर में समरसता यात्रा निकाली जा रही है, जिसका भव्य स्वागत हो रहा है। यह 20 दिवसीय यात्रा देश को संगठित करने और समाज में समरसता का भाव पैदा करने का काम करेगी।
अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिवेश राम ने कहा कि पवित्र संत रविदास समरसता यात्रा का शुभारंभ जालंधर से हुआ है। मैं जुलाई महीने से लगातार इस यात्रा से जुड़ा हुआ हूं। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की संत रविदास जी के प्रति श्रद्धा और उनके आदर्शों से प्रेरित होकर इस यात्रा की परिकल्पना की गई। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी ने स्वयं जालंधर पहुंचकर इस यात्रा का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान दिल्ली में जिस प्रकार का ऐतिहासिक स्वागत हुआ, वह अभूतपूर्व था। ऐसा लग रहा था मानो कुंभ जैसा जनसैलाब उमड़ पड़ा हो। समाज के हर वर्ग के लोगों ने जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया, उसके लिए मैं दिल्ली प्रदेश की जनता का हृदय से अभिनंदन करता हूं।
प्रदेश महामंत्री श्री मोहनलाल गिहारा ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने हमें कर्म, समानता और मानवता का संदेश दिया। भाजपा सरकार ने उनके विचारों को धरातल पर उतारा है। यह "सामाजिक समरसता यात्रा" समाज को जोड़ने और सबको सम्मान देने का संकल्प है। आइए, हम सब मिलकर समरस दिल्ली और समृद्ध भारत बनाएं।