विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने विज्ञान मॉडल, तकनीकी प्रयोग, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के उपयोग और आधुनिक तकनीक से जुड़े प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कला अनुभाग में आकर्षक चित्रकलाओं और हस्तनिर्मित वस्तुओं ने भी अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शनी का शुभारंभ भारतीय जीवन बीमा निगम के शाखा प्रबंधक भगत सिंह बिष्ट, समाजसेवी शलभ गर्ग, विद्यालय अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल, दिनेश कुमार जैन, अनुज तायल और अनिल गोयल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी।

अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक क्षमता का विकास होता है। प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यवहारिक शिक्षा और अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्रदान करना है। इस दौरान अभिभावक और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Admin

Admin

uttambharat6@gmail.com