Chhath Puja Bhajan: हिन्दुओं के प्रमुख त्योहारों में से एक छठ पूजा का पर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस त्योहार में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य शामिल हैं।
इस पर्व पर छठी मइया के मधुर से मधुर गीत गाए जाते हैं। ये गीत इतने कर्णप्रिय होते हैं कि इनको सुनकर ऐसा लगता है मानो कानों में शहद सी मिठास घुल गई हो। ताजा वीडियो सामने आया है शिमला की वादियों के बीच स्थित रेलवे स्टेशन से जहां स्पीकर्स पर छठी मइया के बेहद मधुर गीत बज रहे हैं। गीत के बोल हैं- 'कांच ही बांस के बहंगिया..' और इसे महान गायिका स्व. शारदा सिन्हा ने गाया था।
रेलवे ने शेयर किया वीडियो
इस वीडियो का एक्स पर @RailwayNorthern नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में शारदा सिन्हा द्वारा गाया गया यह भावपूर्ण छठ गीत, वातावरण में भक्ति और भारतीय लोक संगीत के आकर्षण का संचार कर रहा है। लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट रहे हैं और प्लेटफ़ॉर्म पर बज रहा यह गीत उनकी यात्रा को और भी यादगार और आनंदमय बना रहा है। रेलवे की इस पहल ने न केवल यात्रियों को आकर्षित किया है, बल्कि घर वापस जाने वालों के लिए भी यह एक सुखद अनुभव बन गया है।
"काँच ही बाँस के बहँगिया, बहँगी लचकल जाए,.....????????"
— Northern Railway (@RailwayNorthern) October 24, 2025
शारदा सिन्हा जी के इस आत्मीय छठ गीत से शिमला रेलवे स्टेशन गुंजायमान है।
छठ पूजा के लिए जा रहे श्रद्धालु रेल यात्री इस सुरम्य माहौल में भाव-विभोर हैं।#FestivalSpecialArrangements @RailMinIndia pic.twitter.com/VAt7c5BlXt
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर कई लोग रेलवे स्टेशन पर छठ गीत बजाने के लिए भारतीय रेलवे की तारीफ करते हुए स्व. शारदा सिन्हा को याद कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, 'देवभूमि हिमाचल की वादियों में पद्म विभूषण शारदा सिन्हा का मार्मिक छठ गीत सुनकर मन भक्ति से भर गया।
जय छठी मैय्या।' दूसरे ने लिखा कि, 'यही हमारे बिहार के सबसे बड़े त्योहार की विशेषता है।' गौरतलब है कि, छठ पर्व नहाय खाय के साथ शुरू होता है। यह विशेष रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों में बड़े उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जाता है।