देहरादून। सोंग नदी में बढ़ते प्रदूषण और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के खतरे से निपटने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की और इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (IWMI) ने संयुक्त पहल शुरू की है। इसके तहत 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें नदी प्रदूषण के स्रोतों की पहचान और रोकथाम के लिए वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने सोंग नदी बेसिन के प्रदूषण हॉटस्पॉट चिह्नित करने के लिए आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और जलविज्ञान मॉडलिंग के इस्तेमाल पर मंथन किया। साथ ही नदी पुनर्जीवन के लिए वन हेल्थ दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया, जिसमें पर्यावरण, पशु स्वास्थ्य और मानव स्वास्थ्य को एक साथ ध्यान में रखा जाएगा।
मुख्य अतिथि सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक दिलीप जावलकर ने कहा कि नदी की स्वच्छता, पारिस्थितिकी और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। IIT रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने वैज्ञानिक मॉडलिंग के माध्यम से प्रदूषण के स्रोतों और संभावित समाधानों का आकलन करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में सिंचाई, पशुपालन, जनस्वास्थ्य, प्रदूषण नियंत्रण और विभिन्न शोध संस्थानों के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य सोंग नदी के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और एएमआर की रोकथाम के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करना है।