116.53 लाख रुपये से होगा ग्रामीण मोटर मार्ग का डामरीकरण, भोजन माताओं का सम्मान और महिला मंगल दलों को बांटी सांस्कृतिक सामग्री
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने श्रीनगर से दिल्ली के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की एसी मिनी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को दिल्ली तक आरामदायक परिवहन सुविधा मिलेगी।
इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में भोजन माताओं को सम्मानित कर आवश्यक सामग्री की किट वितरित की गई। डॉ. रावत ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में भोजन माताओं का योगदान सराहनीय है।
इसके अलावा खिर्सू क्षेत्र में जखोट-कोटिया-मुसोली लिंक मोटर मार्ग के 1.610 किलोमीटर लंबे हिस्से के परिवर्तन एवं डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस कार्य के लिए 116.53 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं ग्रामसभा कंडोली और मुसोली के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई।
मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।