श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, बनेगी साइंस सिटी : धामी

श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, बनेगी साइंस सिटी : धामी

बैकुंठ चतुर्दशी मेले में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं, नया नगर निगम भवन और पांच तीर्थनगरों में बनेंगे आधुनिक घाट

बैकुंठ चतुर्दशी मेले में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं, नया नगर निगम भवन और पांच तीर्थनगरों में बनेंगे आधुनिक घाट

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ करते हुए श्रीनगर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने, शहर में साइंस सिटी विकसित करने और नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट बनाने तथा बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।

धामी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सरकार विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर में लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना पर कार्य चल रहा है, जबकि करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण प्रगति पर है। क्षेत्र में आधुनिक बस स्टैंड, पार्किंग, सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। बेस अस्पताल में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि करने के फैसले की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक 'मां राजराजेश्वरी चालीसा' का विमोचन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक विनोद कंडारी, राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Admin

Admin

uttambharat6@gmail.com