प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने घोषणा की है कि सुमाड़ी में निर्माणाधीन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के स्थायी परिसर में वर्ष 2027 तक कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रीनगर विधानसभा को शिक्षा के प्रमुख केंद्र (एजुकेशन हब) के रूप में विकसित करना उनका संकल्प और प्राथमिकता है। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सुमाड़ी गांव एवं निर्माणाधीन एनआईटी परिसर में बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। सुमाड़ी के साथ-साथ खालू और चमराड़ा गांवों के महिला मंगल दलों को भी सांस्कृतिक सामग्री प्रदान की गई। एनआईटी परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डॉ.रावत ने कहा कि सुमाड़ी में एनआईटी का स्थायी परिसर क्षेत्र की शैक्षणिक पहचान को नई ऊंचाई देगा। वर्ष 2027 तक यहां विधिवत कक्षाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही सुमाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान,आधुनिक ऑडिटोरियम,मॉल सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है,जिससे क्षेत्र में शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि एनआईटी परिसर में बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। संस्थान तक सुगम आवागमन के लिए डबल लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। प्रथम चरण में 1,500 छात्र-छात्राओं की क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर इंटर कॉलेज के नए भवन के निर्माण की भी बात कही गई,जिस पर लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त सुमाड़ी गांव के शेष नौ परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। डॉ.रावत ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है,बल्कि शिक्षा,खेल,सांस्कृतिक गतिविधियों और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करना भी उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मोहन काला ने कहा कि सुमाड़ी में एनआईटी का निर्माण कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में डॉ.रावत को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बने मोहन काला का स्वागत करते हुए कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। बैठक में एनआईटी निदेशक विवेक श्रीवास्तव,भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मोहन काला,विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत नियुक्त जिला प्रभारी अजय राणा,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,ब्लॉक प्रमुख अनिल भण्डारी,मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला,क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत,ग्राम प्रधान कृष्णा देवी,विकास पंत,अजब सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व ग्राम प्रधान सत्यजीत बहुगुणा ने किया।