Top Stories
धामी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले, आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 1700 रुपये बढ़ा | तैनात होंगे 22 हजार कार्मिक, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई | विमान के केबिन का शोर कम करने पर शोध शुरू करेंगे : अभय करंदीकर | 2027 में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : केशव मौर्य | केन्द्रीय मंत्री ने किया आयुर्वेद काॅस्मेटोलाॅजी इकाई का शुभारम्भ | बल्लभगढ़ में 26 नवंबर को आयोजित होगा रोजगार मेला। | अमेरिकी कंपनी के निवेश से बदलेगी मेरठ की औद्योगिक तस्वीर, वैश्विक पैकेजिंग उद्योग में बनेगी नई पहचान | बैकुंठ चतुर्दशी मेले में लोकसंस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का संगम, भव्य झांकियों ने मोहा मन | संत रविदास के समरसता संदेश को धरातल पर उतार रही धामी सरकार : मुख्यमंत्री | गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रक्तदान शिविर, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा |
कांग्रेस की तीन पीढ़ियों ने बाबा साहेब आंबेडकर के सामाजिक न्याय के सपने को कुचलने का काम किया : तरुण चुग

कांग्रेस की तीन पीढ़ियों ने बाबा साहेब आंबेडकर के सामाजिक न्याय के सपने को कुचलने का काम किया : तरुण चुग

नेहरू ने काका कालेलकर रिपोर्ट रोकी, इंदिरा गांधी ने मंडल आयोग को दबाया और राजीव गांधी ने पिछड़ों के आरक्षण का विरोध किया : तरुण चुग

नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026

भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने आज नई दिल्ली के एनडीएमसी सभागार, कनॉट प्लेस में भारतीय बौद्ध संघ द्वारा आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की सामाजिक न्याय की मूल भावना को दशकों तक दबाने का आरोप लगाया।

चुग ने कहा कि संविधान निर्माता पूज्य बाबा साहेब आंबेडकर की मूल सोच थी कि देश के प्रत्येक गरीब और वंचित व्यक्ति तक तरक्की पहुंचे तथा हर नागरिक राष्ट्र निर्माण में बराबर का भागीदार बने। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस की तीन पीढ़ियों ने बाबा साहेब की इस सोच को आगे बढ़ाने के बजाय उसे दबाने और कुचलने का काम किया। आज राहुल गांधी संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन देश उनसे जानना चाहता है कि उनके परिवार ने बाबा साहेब के विचारों और सामाजिक न्याय के प्रयासों के साथ कैसा व्यवहार किया।

उन्होंने सवाल उठाया कि 1950 के दशक में काका कालेलकर आयोग की रिपोर्ट को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने क्यों स्वीकार नहीं किया? उस रिपोर्ट में पिछड़े और वंचित वर्गों को अधिकार और अवसर देने की सिफारिशें थीं। इसी प्रकार मंडल आयोग की सिफारिशों को इंदिरा गांधी के शासनकाल में लागू क्यों नहीं किया गया? देश यह भी जानना चाहता है कि जब पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने का विषय संसद में आया, तब राजीव गांधी ने उसके विरोध में इतना लंबा भाषण क्यों दिया?

चुग ने कहा कि 1975 में देश पर आपातकाल थोपना भारतीय लोकतंत्र और संविधान के इतिहास का सबसे काला अध्याय था। इंदिरा गांधी ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचल दिया, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया और न्यायपालिका को खुली चुनौती दी। कांग्रेस का यह इतिहास बताता है कि संविधान और लोकतंत्र के प्रति उसका वास्तविक दृष्टिकोण क्या रहा है।

उन्होंने कहा कि जब केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से गठबंधन सरकार बनी, तब बाबा साहेब के सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों को अधिकार देने के विचार को आगे बढ़ाने की दिशा में मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने का ऐतिहासिक कदम उठाया गया। लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने संसद में इसका विरोध किया। यह कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को स्पष्ट करता है।

तरुण चुग ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस की सोच भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक वास्तविकताओं से अधिक पश्चिमी विचारों से प्रभावित रही। उसे वेस्ट इज बेस्ट की मानसिकता ने जकड़े रखा। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बाबा साहेब के सामाजिक न्याय, समानता और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

संविधान के महत्व पर बोलते हुए चुग ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनी प्रावधानों का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों की सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतिबिंब है। संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और गुरु गोबिंद सिंह जी सहित भारत की महान सांस्कृतिक विरासत को स्थान दिया गया है। यह हमारे संविधान की भारतीय जड़ों और राष्ट्रीय चेतना को दर्शाता है।

उन्होंने भगवान बुद्ध के करुणा, समानता, मानवता और बंधुत्व के संदेश को संविधान की मूल भावना से जोड़ते हुए कहा कि सामाजिक समरसता और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन का अवसर देना ही एक सशक्त राष्ट्र की पहचान है। बाबा साहेब आंबेडकर का सपना था कि समाज का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा में शामिल हो।

चुग ने भारतीय बौद्ध संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंते डॉ. संघप्रिय राहुल और संगठन के सभी पदाधिकारियों को संविधान गौरव दिवस के आयोजन तथा उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पांच लाख संविधान प्रतियां वितरित करने के संकल्प के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि संविधान को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने की यह पहल सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि संविधान का वास्तविक सम्मान केवल उसकी प्रति हाथ में लेकर घूमने से नहीं, बल्कि उसके मूल्यों को जीवन में अपनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, समानता और विकास पहुंचाने से होगा। हमें बाबा साहेब के विचारों, भगवान बुद्ध के संदेश और संविधान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए 2047 तक विकसित, समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
 

Admin

Admin

uttambharat6@gmail.com